Advertisement

Loading Ad...

81 बिलियन डॉलर की गिरावट के बावजूद भी एलन मस्क की बादशाहत कैसे है कायम?

एलन मस्क, जिन्हें दुनिया का सबसे अमीर व्यक्ति कहा जाता है, हाल ही में 81 बिलियन डॉलर की संपत्ति गवां चुके हैं। लेकिन इसके बावजूद, वह अब भी नंबर 1 अमीर हैं। आखिर उनकी कमाई के पीछे कौन-कौन से बड़े बिजनेस खड़े हैं?

Loading Ad...
एलन मस्क, एक ऐसा नाम जो आधुनिक टेक्नोलॉजी और व्यापार की दुनिया में किसी परिचय का मोहताज नहीं है। वे सिर्फ एक उद्योगपति नहीं, बल्कि ऐसे इनोवेटर हैं, जिन्होंने कई क्षेत्रों में क्रांति ला दी। हाल ही में, मस्क की कुल संपत्ति में 81 बिलियन डॉलर (लगभग 7 लाख करोड़ रुपये) की गिरावट दर्ज की गई, लेकिन इसके बावजूद वे अब भी दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति बने हुए हैं।

अब सवाल उठता है कि इतनी बड़ी गिरावट के बावजूद भी उनकी संपत्ति इतनी मजबूत कैसे बनी हुई है? क्या उनकी कमाई का कोई सीक्रेट फॉर्मूला है? या फिर उनके बिजनेस मॉडल में कुछ ऐसा खास है, जो बाकी अरबपतियों से उन्हें अलग बनाता है? आइए, इस ब्लॉग में जानते हैं कि एलन मस्क के अरबों डॉलर की संपत्ति का असली आधार क्या है और किन कंपनियों ने उन्हें दुनिया का सबसे अमीर इंसान बनाए रखा है।

स्पेसएक्स अंतरिक्ष की दुनिया में नई क्रांति

एलन मस्क की स्पेसएक्स (SpaceX) दुनिया की सबसे बड़ी प्राइवेट स्पेस कंपनी है, जिसने अंतरिक्ष अन्वेषण को एक नई दिशा दी है। स्पेसएक्स की सफलता के प्रमुख कारण है कि यह एकमात्र ऐसी कंपनी है, जो दोबारा इस्तेमाल होने वाले रॉकेट (Reusable Rockets) बनाती है, जिससे लॉन्च की लागत कम होती है। स्पेसएक्स का स्टारलिंक (Starlink) प्रोजेक्ट, जो दुनिया को हाई-स्पीड इंटरनेट देने का लक्ष्य रखता है, इसकी वैल्यू में लगातार इजाफा कर रहा है। कंपनी NASA और अमेरिकी रक्षा विभाग (Pentagon) के साथ अरबों डॉलर के कॉन्ट्रैक्ट साइन कर चुकी है।

दिसंबर 2024 में, स्पेसएक्स का कुल मूल्यांकन लगभग 350 बिलियन डॉलर आंका गया था। मस्क की इस कंपनी में 42% हिस्सेदारी है, जिसका मतलब है कि सिर्फ स्पेसएक्स से ही उनकी संपत्ति लगभग 136 बिलियन डॉलर है।

टेस्ला इलेक्ट्रिक कारों की दुनिया में बादशाहत

जब बात एलन मस्क की कमाई के मुख्य स्रोतों की आती है, तो टेस्ला (Tesla) का नाम सबसे ऊपर आता है। टेस्ला ने ऑटोमोबाइल सेक्टर में इलेक्ट्रिक वाहनों (EVs) को एक नई पहचान दी और दुनियाभर में पेट्रोल-डीजल से चलने वाले वाहनों के विकल्प के रूप में इलेक्ट्रिक कारों का ट्रेंड शुरू किया।

टेस्ला की सफलता के पीछे के कारणों की बात करें तो टेस्ला दुनिया की सबसे बड़ी इलेक्ट्रिक कार निर्माता कंपनी बन चुकी है। कंपनी लगातार आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और ऑटोनॉमस ड्राइविंग टेक्नोलॉजी पर काम कर रही है। Tesla Energy के जरिए सोलर पैनल और बैटरियों का बिजनेस भी तेजी से बढ़ रहा है। फरवरी 2025 तक, टेस्ला का कुल बाजार मूल्यांकन 942.37 बिलियन डॉलर था, जिसमें मस्क की 13% हिस्सेदारी है, यानी उनकी टेस्ला से कमाई 120 बिलियन डॉलर के करीब बैठती है। हालांकि, हाल ही में टेस्ला के शेयरों में गिरावट दर्ज की गई थी, जिसकी वजह से मस्क की नेटवर्थ प्रभावित हुई। लेकिन लंबे समय में टेस्ला का बिजनेस ग्रोथ करता रहेगा, यह लगभग तय है।

एक्स (ट्विटर) सोशल मीडिया का नया गेमचेंजर

जब मस्क ने अक्टूबर 2022 में ट्विटर को 44 बिलियन डॉलर में खरीदा था, तो यह दुनिया की सबसे चर्चित बिजनेस डील्स में से एक थी। बाद में इसका नाम बदलकर "X" कर दिया गया और इसे एक "सुपर ऐप" बनाने की योजना बनाई गई।

X की गिरती वैल्यू के बावजूद, मस्क की पकड़ मजबूत क्यों है? तो आपको बता दें कि X को अब एक "सुपर ऐप" के रूप में विकसित किया जा रहा है, जिसमें सोशल मीडिया, पेमेंट, और ऑडियो-वीडियो कॉलिंग जैसी सुविधाएँ शामिल होंगी। मस्क का इस कंपनी में 79% मालिकाना हक है, भले ही इसकी वैल्यू में 69% की गिरावट आई हो। फिडेलिटी ब्लू चिप ग्रोथ फंड के अनुसार, X की मौजूदा वैल्यू 8.06 बिलियन डॉलर रह गई है, लेकिन भविष्य में इसमें बढ़ोतरी की संभावनाएँ हैं। हालांकि, X की वैल्यू अभी कम हो गई है, लेकिन मस्क इसे "नया सोशल मीडिया किंग" बनाने के मिशन में लगे हुए हैं।

xAI, द बोरिंग कंपनी और न्यूरालिंक

एलन मस्क सिर्फ स्पेसएक्स, टेस्ला और X तक सीमित नहीं हैं। वे कई दूसरी हाई-टेक कंपनियों में भी भारी निवेश कर चुके हैं, जो भविष्य की तकनीकों पर काम कर रही हैं।
xAI – आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस पर काम करने वाली मस्क की नई कंपनी, जिसकी वैल्यू 22.6 बिलियन डॉलर है।
द बोरिंग कंपनी – एक इंफ्रास्ट्रक्चर और टनलिंग कंपनी, जिसकी वैल्यू 3.33 बिलियन डॉलर है।
न्यूरालिंक (Neuralink) – इंसानों के दिमाग को कंप्यूटर से जोड़ने वाली फ्यूचरिस्टिक टेक्नोलॉजी पर काम कर रही है, जिसकी वैल्यू 2.07 बिलियन डॉलर है। इन कंपनियों में मस्क की हिस्सेदारी उन्हें भविष्य के लिए मजबूत बनाए रखती है।

क्या मस्क फिर से सबसे अमीर बन सकते हैं?
हालांकि, एलन मस्क की नेटवर्थ में हाल ही में भारी गिरावट आई है, लेकिन उनके पास जो बिजनेस पोर्टफोलियो है, वह उन्हें आने वाले समय में फिर से सबसे अमीर बना सकता है। स्पेसएक्स का स्टारशिप प्रोजेक्ट सफल हुआ तो उनकी संपत्ति और बढ़ सकती है। टेस्ला की ऑटोनॉमस कार्स और AI टेक्नोलॉजी गेमचेंजर साबित हो सकती हैं। अगर X (ट्विटर) सुपर ऐप बनता है, तो यह उनकी दौलत में बड़ा योगदान देगा।

एलन मस्क का बिजनेस मॉडल उन्हें सिर्फ एक "बिजनेसमैन" नहीं बल्कि "विजनरी एंटरप्रेन्योर" बनाता है। यही कारण है कि 81 बिलियन डॉलर की गिरावट के बावजूद भी वे दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति बने हुए हैं। एलन मस्क की सफलता का राज़ सिर्फ उनकी कंपनियों में नहीं, बल्कि उनकी सोच में छिपा है। वे किसी भी उद्योग में घुसकर उसे पूरी तरह से बदल देने का दम रखते हैं।
Loading Ad...

यह भी पढ़ें

LIVE
अधिक →

Advertisement

Loading Ad...
Loading Ad...
Loading Ad...
अधिक →

Advertisement

Loading Ad...