×
जिस पर देशकरता है भरोसा
Advertisement

बेंगलुरु में महिला पर पालतू कुत्ते का जानलेवा हमला, लगे 50 से ज्यादा टांके, पति ने मांगा न्याय, डॉग मालिक को देना होगा मुआवजा या होगी जेल

बेंगलुरु के एचएसआर लेआउट में 26 जनवरी की सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकली महिला पर पालतू कुत्ते ने अचानक जानलेवा हमला कर दिया. महिला की गर्दन, चेहरा, हाथ और पैर बुरी तरह जख्मी हो गए. महिला को बचाने आए युवक पर भी कुत्ते ने हमला किया. पीड़िता के पति ने पुलिस में इस घटना को लेकर शिकायत दर्ज कारवाई है.

बेंगलुरु में महिला पर पालतू कुत्ते का जानलेवा हमला, लगे 50 से ज्यादा टांके, पति ने मांगा न्याय, डॉग मालिक को देना होगा मुआवजा या होगी जेल
Screengrab
Advertisement

कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु से एक बेहद चौंकाने वाली और डराने वाली घटना सामने आई है, जहां सुबह की सैर पर निकली एक महिला पर पालतू कुत्ते ने अचानक जानलेवा हमला कर दिया. इस हमले में महिला की गर्दन, चेहरा, हाथ और पैर बुरी तरह जख्मी हो गए. महिला को बचाने आए एक युवक पर भी कुत्ते ने हमला कर दिया. यह घटना 26 जनवरी की सुबह एचएसआर लेआउट (HSR Layout) के टीचर्स कॉलोनी इलाके में घटी, जिसने इलाके के लोगों को दहशत में डाल दिया है.

कब और कहाँ हुईं घटना?

घटना को लेकर जो जानकारी सामने आई है उसके मुताबिक, महिला रोज की तरह सुबह करीब 6:40 से 6:50 बजे के बीच मॉर्निंग वॉक पर निकली थी. इसी दौरान अमरेश रेड्डी नामक व्यक्ति के पालतू कुत्ते ने महिला पर उसके ही घर के सामने अचानक हमला कर दिया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुत्ता बेहद आक्रामक था और उसने महिला की गर्दन पर जोरदार काट लिया. इसके बाद उसने महिला के चेहरे, हाथों और पैरों पर भी कई बार हमला किया. महिला चीखती रही, लेकिन कुछ देर तक कुत्ते ने उसे नहीं छोड़ा. 

महिला को लगे 50 से अधिक टांकें

Advertisement

घटना के वक्त कुत्ते का मालिक भी मौके पर मौजूद था. उसने महिला को कुत्ते से अलग करने की कोशिश की, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी. महिला गंभीर रूप से घायल हो चुकी थी और खून से लथपथ हालत में जमीन पर गिर गई. शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह स्थिति को संभाला. घायल महिला को तुरंत सेंट जॉन अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसका इलाज शुरू किया. अस्पताल से मिली जानकारी अनुसार, महिला के चेहरे और गर्दन पर 50 से ज्यादा गहरे घाव थे, जिन पर टांके लगाने पड़े. महिला के चेहरे, सिर, हाथों और पैरों में गंभीर चोटें आई हैं. सामने आई तस्वीरों में महिला की हालत बेहद चिंताजनक नजर आ रही है. उसके चेहरे और सिर पर कई टांके साफ दिखाई दे रहे हैं. फिलहाल महिला अस्पताल में भर्ती है और डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है.

पीड़िता के पति ने दर्ज करवाई शिकायत

घटना के बाद पीड़िता के पति सत्यप्रकाश दुबे ने एचएसआर लेआउट पुलिस स्टेशन में कुत्ते के मालिक के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है. उन्होंने आरोप लगाया कि यह हमला पालतू जानवर के मालिक की गंभीर लापरवाही के कारण हुआ. शिकायत में कहा गया है कि कुत्ते को बिना जंजीर, बिना मुंह ढकने वाले कवर और किसी भी सुरक्षा उपाय के खुले में छोड़ दिया गया था. पीड़िता के पति ने बताया कि उनकी पत्नी की गर्दन पर करीब 5 से 6 सेंटीमीटर लंबा गहरा कट है. इसके अलावा चेहरे, सिर के ऊपरी हिस्से और पूरी स्कैल्प पर गंभीर चोटें आई हैं. महिला इस घटना के बाद मानसिक सदमे में है. उन्होंने कहा कि भगवान की कृपा से उनकी पत्नी की जान बच गई, लेकिन वह अभी भी खतरे से बाहर नहीं है.

बहरहाल, पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है. हालांकि, स्थानीय लोगों के अनुसार घटना के बाद कुत्ते का मालिक अपना घर छोड़कर कहीं चला गया है. पुलिस उसकी तलाश कर रही है. पीड़ित परिवार ने न्यायपालिका, कानून व्यवस्था और स्थानीय पुलिस से न्याय की मांग की है. यह घटना एक बार फिर पालतू जानवरों को लेकर जिम्मेदारी और सुरक्षा नियमों पर गंभीर सवाल खड़े करती है.

Tags

Advertisement
टिप्पणियाँ 0
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Close
ADVERTISEMENT
NewsNMF
NMF App
Download
शॉर्ट्स
वेब स्टोरीज़
होम वीडियो खोजें