Advertisement
Loading Ad...
हेमंत सोरेन झारखंड के 14वें मुख्यमंत्री के रूप में 28 नवंबर को लेंगे शपथ
हेमंत सोरेन को रविवार को इंडिया ब्लॉक के विधायकों ने औपचारिक तौर पर अपना नेता चुना था। इसके बाद राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार के समक्ष उन्होंने सरकार बनाने का दावा पेश किया था, जिसे उन्होंने स्वीकार कर लिया था।
Advertisement
Loading Ad...
झारखंड के 14वें मुख्यमंत्री के रूप में हेमंत सोरेन का शपथ ग्रहण समारोह रांची के मोरहाबादी मैदान में 28 नवंबर को आयोजित होगा। समारोह दिन के 11.30 बजे आयोजित होगा। मुख्यमंत्री के साथ कुछ अन्य मंत्री भी शपथ ले सकते हैं।
हेमंत सोरेन को रविवार को इंडिया ब्लॉक के विधायकों ने औपचारिक तौर पर अपना नेता चुना था। इसके बाद राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार के समक्ष उन्होंने सरकार बनाने का दावा पेश किया था, जिसे उन्होंने स्वीकार कर लिया था।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, समारोह में भाग लेने के लिए लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, राजद सुप्रीमो लालू यादव, बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल, सीपीआईएमएल के राष्ट्रीय महासचिव दीपंकर भट्टाचार्य सहित तमिलनाडु, दिल्ली, पंजाब, कर्नाटक, हिमाचल प्रदेश, तेलंगाना और जम्मू कश्मीर के मुख्यमंत्री को आमंत्रण भेजा जा रहा है।
शुरू हो गई हैं शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियां
शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियां जोर-शोर से शुरू हो गई हैं। सोमवार को रांची के उपायुक्त सहित कई अधिकारियों ने मोरहाबादी मैदान में होने वाले समारोह की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने समारोह में आने वाले अतिथियों के लिए वाहन, खानपान की व्यवस्था, समारोह के दौरान दूसरे राज्यों से आने वाले मेहमानों के रहने की सुविधा एवं पारंपरिक तरीके से उनका स्वागत, पार्किंग, यातायात, वीआईपी गाड़ियों की मूवमेंट समेत अन्य सुविधाओं के बारे में अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री के रूप में चौथी बार लेंगे शपथ
हेमंत सोरेन झारखंड में मुख्यमंत्री के रूप में चौथी बार शपथ लेने वाले पहले नेता होंगे। उन्होंने पहली बार 13 जुलाई 2013 को झामुमो, कांग्रेस, राजद गठबंधन के सहयोग से बनी सरकार में सीएम पद की शपथ ली थी। इस सरकार का कार्यकाल 23 दिसंबर 2014 तक था।
दूसरी बार उन्होंने 29 दिसंबर 2019 में शपथ ली थी। 31 जनवरी 2024 को ईडी द्वारा गिरफ्तार किए जाने के बाद उन्हें सीएम पद से इस्तीफा देना पड़ा था। जमानत पर बाहर आने के बाद 4 जुलाई 2024 को उन्होंने तीसरी बार सीएम पद की शपथ ली थी। हेमंत सोरेन के पहले उनके पिता शिबू सोरेन और भाजपा के अर्जुन मुंडा तीन-तीन बार सीएम पद की शपथ ले चुके हैं।
झारखंड में 81 सदस्यीय विधानसभा चुनाव में गठबंधन को 56 सीटें हासिल हुई हैं। झामुमो को 34, कांग्रेस को 16, राजद को चार और सीपीआई एमएल को दो सीटों पर जीत मिली है। राज्य में पहली कोई सरकार दो तिहाई बहुमत के साथ बनने जा रही है।
Input: IANS
Advertisement
Loading Ad...
यह भी पढ़ें
Loading Ad...
Loading Ad...