Advertisement
U19 World Cup 2026 : आरोन जॉर्ज के शतक से भारत फाइनल में, अफगानिस्तान को 7 विकेट से हराया
वैभव 33 गेंदों में 68 रन बनाकर पवेलियन लौटे. उनकी इस पारी में 4 छक्के और 9 चौके शामिल थे. इसके बाद जॉर्ज ने कप्तान आयुष म्हात्रे के साथ दूसरे विकेट के लिए 114 रन जुटाकर टीम को 200 के पार पहुंचाया.
Advertisement
आरोन जॉर्ज की शतकीय पारी के साथ भारत ने अंडर 19 वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल-2 में अफगानिस्तान के विरुद्ध 7 विकेट से जीत हासिल की. इसी के साथ टीम इंडिया ने 10वीं बार खिताबी मुकाबले में जगह बना ली है, जहां उसका सामना 6 फरवरी को इंग्लैंड से होगा.
अफगानिस्तान को 7 विकेट से रौंदकर 10वीं बार फाइनल में भारत
बुधवार को हरारे स्पोर्ट्स क्लब में टॉस जीतकर बल्लेबाजी चुनते हुए अफगानिस्तान ने 4 विकेट खोकर 310 रन बनाए. इस टीम को उस्मान सादात और खालिद अहमदजई की सलामी जोड़ी ने शानदार शुरुआत दिलाई. दोनों खिलाड़ियों ने पहले विकेट के लिए 53 रन की साझेदारी की. अहमदजई 31 रन बनाकर पवेलियन लौटे.
Advertisement
यहां से सादात ने फैसल शिनोजादा के साथ दूसरे विकेट के लिए 64 रन की साझेदारी करते हुए टीम को 117 के स्कोर तक पहुंचाया. सादात ने 39 रन टीम के खाते में जोड़े.
Advertisement
अफगान टीम ने 117 के स्कोर तक 2 विकेट गंवा दिए थे. यहां से शिनोजादा ने उजैरउल्लाह नियाजी के साथ 130 गेंदों में 148 रन जोड़कर टीम को विशाल स्कोर तक पहुंचा दिया.
दीपेश देवेंद्रन और कनिष्क चौहान ने झटके 2-2 विकेट
Advertisement
शिनोजादा 93 गेंदों में 15 चौकों के साथ 110 रन बनाकर पवेलियन लौटे, जबकि उजैरउल्लाह नियाजी ने 86 गेंदों में 2 छक्कों और 12 चौकों के साथ 101 रन की नाबाद पारी खेली. भारत की तरफ से दीपेश देवेंद्रन और कनिष्क चौहान ने 2-2 विकेट अपने नाम किए.
विशाल स्कोर का पीछा करने उतरी भारतीय टीम ने 41.1 ओवरों में जीत दर्ज कर ली. वैभव सूर्यवंशी ने आरोन जॉर्ज के साथ 9.3 ओवरों में 90 रन की साझेदारी की.
वैभव ने खेली तूफानी पारी
Advertisement
वैभव 33 गेंदों में 68 रन बनाकर पवेलियन लौटे. उनकी इस पारी में 4 छक्के और 9 चौके शामिल थे. इसके बाद जॉर्ज ने कप्तान आयुष म्हात्रे के साथ दूसरे विकेट के लिए 114 रन जुटाकर टीम को 200 के पार पहुंचाया.
कप्तान म्हात्रे 59 गेंदों में 4 छक्कों और 5 चौकों के साथ 62 रन बनाकर आउट हुए, जिसके बाद जॉर्ज ने विहान मल्होत्रा के साथ तीसरे विकेट के लिए 96 रन जुटाकर भारत को जीत की दहलीज पर पहुंचा दिया.
यह भी पढ़ें
जॉर्ज 104 गेंदों में 2 छक्कों और 15 चौकों के साथ 115 रन बनाकर आउट हुए, जिसके बाद विहान मल्होत्रा ने 47 गेंदों में 38 रन की नाबाद पारी खेलते हुए भारत को आसान जीत दिलाई. अफगानिस्तान की तरफ से नूरिस्तानी उमरजई ने सर्वाधिक 2 विकेट हासिल किए, जबकि वहीदुल्लाह जादरान ने 1 विकेट चटकाया.