Advertisement
IND vs ENG: इंग्लैंड के खिलाफ लगातार दूसरा शतक जड़कर शुभमन गिल ने दिग्गजों को छोड़ा पीछे, बनाया खास रिकॉर्ड
शुभमन गिल के बाद इस लिस्ट में वेस्टइंडीज के कीसी कार्टी और इंग्लैंड के बेन डकेट संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर हैं, जिन्होंने इस साल तीनों फॉर्मेट में कुल तीन-तीन शतक लगाए हैं.
Advertisement
भारत-इंग्लैंड के बीच बुधवार से बर्मिंघम में दूसरे टेस्ट की शुरुआत हो चुकी है. मुकाबले के पहले दिन कप्तान शुभमन गिल की शतकीय पारी के दम पर भारत ने पांच विकेट खोकर 310 रन बना लिए हैं.
इंग्लैंड के खिलाफ गिल का लगातार दूसरा शतक
यह बतौर कप्तान इंग्लैंड दौरे पर शुभमन गिल का लगातार दूसरे टेस्ट में शतक है. इससे पहले गिल लीड्स में 147 रन जड़ चुके थे. इंग्लैंड के खिलाफ इस टेस्ट में शतक के साथ शुभमन गिल साल 2025 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट (तीनों फॉर्मेट) में चार शतक जड़ने वाले इकलौते बल्लेबाज बन गए हैं.
Advertisement
इससे पहले गिल ने फरवरी में जड़े थे दो शतक
Advertisement
शुभमन गिल ने इस साल फरवरी में दो शतक जड़े थे. यह शतक वनडे फॉर्मेट में आए थे. उन्होंने 12 फरवरी को अहमदाबाद में इंग्लैंड के खिलाफ 112 रन की पारी खेली थी. इसके बाद 20 फरवरी को बांग्लादेश के विरुद्ध दुबई में नाबाद 101 रन जड़े. गिल जुलाई 2024 के बाद से अब तक भारत के लिए कोई टी20 मैच नहीं खेले हैं.
शुभमन गिल के बाद इस लिस्ट में वेस्टइंडीज के कीसी कार्टी और इंग्लैंड के बेन डकेट संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर हैं, जिन्होंने इस साल तीनों फॉर्मेट में कुल तीन-तीन शतक लगाए हैं.
Advertisement
इंग्लैंड ने टॉस जीतकर चुनी गेंदबाज़ी
इंग्लैंड में जारी दूसरे टेस्ट की बात करें, तो मुकाबले के पहले दिन इंग्लैंड ने टॉस जीतकर भारत को बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया. टीम इंडिया ने महज 15 रन पर अपना पहला विकेट गंवा दिया. केएल राहुल दो रन बनाकर पवेलियन लौट गए. यहां से यशस्वी जायसवाल ने करुण नायर (31) के साथ मिलकर टीम को संभालने की कोशिश की. दोनों के बीच दूसरे विकेट के लिए 80 रन की साझेदारी हुई. करुण नायर के पवेलियन लौटने के बाद जायसवाल ने कप्तान शुभमन गिल के साथ तीसरे विकेट के लिए 66 रन जोड़े. जायसवाल 107 गेंदों में 87 रन की पारी खेलकर आउट हुए.
गिल ने खेली कप्तानी पारी
Advertisement
यहां से गिल ने कप्तानी पारी खेलते हुए ऋषभ पंत के साथ चौथे विकेट के लिए 47 रन जोड़े. पिछले मुकाबले की दोनों पारियों में शतक लगाने वाले पंत इस पारी में महज 25 रन ही जोड़ सके. उनके आउट होने के कुछ देर बाद ही नितीश रेड्डी (1) भी चलते बने.
यह भी पढ़ें
यहां से गिल ने रविंद्र जडेजा के साथ पहले दिन की समाप्ति तक छठे विकेट के लिए अटूट 99 रन की साझेदारी की. गिल 114 रन पर, जबकि जडेजा 41 रन पर नाबाद लौटे.विपक्षी टीम की ओर से क्रिस वोक्स ने सर्वाधिक दो विकेट झटके, जबकि ब्रायडन कार्स, बेन स्टोक्स और शोएब बशीर ने एक-एक विकेट अपने नाम किया.