Advertisement
बिहार में चुनाव से पहले आशा और ममता कार्यकर्ताओं के लिए सीएम नीतीश कुमार का बड़ा ऐलान
बिहार विधानसभा चुनाव से पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने एक और बड़ा ऐलान कर दिया है. सीएम नीतीश कुमार ने आशा और ममता कार्यकर्ताओं के मानदेय में बढ़ोतरी का ऐलान किया है.
Advertisement
मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य के क्षेत्र में आशा कार्यकर्ताओं के काम की तारीफ करते हुए अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर खुद इनके मानदेय बढ़ाने के बारे में जानकारी दी है.
आशा और ममता कार्यकर्ताओं के मानदेय में बढ़ोतरी
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने एक्स पर लिखा, "नवम्बर 2005 में सरकार बनने के बाद से हमलोगों ने स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए बड़े पैमाने पर काम किया है. ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने में आशा तथा ममता कार्यकर्ताओं ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है."
Advertisement
आगे सीएम ने अपने पोस्ट में लिखा, "इसे ध्यान में रखते हुए तथा ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण में आशा एवं ममता कार्यकर्ताओं के अहम योगदान को सम्मान देते हुए उनकी मानदेय राशि में वृद्धि करने का निर्णय लिया गया है. आशा कार्यकर्ताओं को अब 1 हजार रुपये की जगह 3 हजार रुपये प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी. साथ ही ममता कार्यकर्ताओं को प्रति प्रसव 300 रुपये की जगह 600 रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी, इससे उनका मनोबल और बढ़ेगा तथा ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएं और मजबूत होंगी."
Advertisement
सरकार की तरफ से लगातार मिल रही चुनावी सौगात
बता दें कि बिहार में पिछले कुछ दिनों के दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कई ऐसे बड़े ऐलान किए हैं जिससे बिहारवासियों को काफी राहत मिली है. 17 जुलाई को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने एक्स पर बिजली उपभोक्ताओं को 125 यूनिट बिजली मुफ्त दिए जाने का ऐलान किया था.
Advertisement
यह भी पढ़ें
सीएम नीतीश ने इससे पहले 16 जुलाई को शिक्षा विभाग को निर्देश दिया था कि वो सरकारी विद्यालयों में शिक्षकों की रिक्तियों की गणना तुरंत करे और इस पर नियुक्ति के लिए TRE 4 की परीक्षा शीघ्र लेने की कार्रवाई करे. इसके अलावा बिहार पत्रकार सम्मान पेंशन योजना के तहत पात्र पत्रकारों को हर महीने 6 हजार रुपये की जगह 15 हजार रुपया पेंशन देने का ऐलान भी किया गया था.